Top News

सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 4 अक्टूबर को 6 स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर


सच की ख़बर 24

*सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 4 अक्टूबर को 6 स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर*

*पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने मौके पर ही होगी आवेदन, पंजीयन एवं आवश्यक कार्यवाही*

कटनी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल एवं त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के अंतर्गत रविवार 4 अक्टूबर 2026 को नगर के 6 प्रमुख स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवेदन, पंजीयन, ई-केवाईसी, आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति एवं पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्यवाही मौके पर की जाएगी।

*इन स्थलों में आयोजित होंगे शिविर*

अभियान के तहत नगर के विभिन्न 6 स्थलों बस स्टैंड ऑडिटोरियम, दुर्गा चौक खिरहनी, टी.सी. बजान-सुभाष चौक, माधवनगर उपकार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा खेरमाई मंदिर लखेरा में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पृथक हेल्पडेस्क एवं काउंटर की व्यवस्था रहेगी, जहां नागरिक अपनी समस्या एवं आवेदन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

*इन योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित*

शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल योजना एवं सामाजिक न्याय की पेंशन योजनाएं, जन्म-मृत्यु-विवाह समय ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY), स्वच्छ भारत मिशन (SBM), अमृत एवं नवीन नल कनेक्शन/जलकर, आईएचएसडीपी, भवन अनुज्ञा एवं फायर एनओसी, नामांतरण एवं कर निर्धारण तथा ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाकर लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाएगी।

*शिविर प्रभारी एवं सहायक प्रभारी नियुक्त*

बस स्टैंड ऑडिटोरियम में शिविर प्रभारी श्री पवन श्रीवास्तव, उपयंत्री तथा सहायक प्रभारी श्री पंकज निगम, समयपाल रहेंगे। दुर्गा चौक, खिरहनी में शिविर प्रभारी श्री जे.पी. सिंह बघेल, उपयंत्री एवं सहायक प्रभारी श्री कामता प्रसाद पाण्डेय, समयपाल होंगे।

इसी प्रकार टी.सी. बजान, सुभाष चौक में शिविर प्रभारी श्री रवि हनौते, उपयंत्री एवं सहायक प्रभारी श्री सुनील तिवारी, माधवनगर उपकार्यालय में शिविर प्रभारी श्री संजय मिश्रा, उपयंत्री एवं सहायक प्रभारी श्री मनोज पाठक, स्थाईकर्मी; नगर निगम कार्यालय में शिविर प्रभारी श्री हिमांशु गौतम, उपयंत्री एवं सहायक प्रभारी श्री देवी मिश्रा, समयपाल तथा खेरमाई मंदिर, लखेरा में शिविर प्रभारी श्री राजललित गुमास्ता, उपयंत्री एवं सहायक प्रभारी श्री नीलेश तिवारी को नियुक्त किया गया हैं।

*योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ उठाने की अपील*

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम शिविर स्थल पर पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं निगम की नागरिक सेवाओं का लाभ उठाएं। सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ सरकारी सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सहज एवं सुगम बनाना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com