कटनी 7 जून 2026-* नगर पालिक निगम कटनी सीमा अंतर्गत वीर सावरकर वार्ड स्थित बाहुबली कॉलोनी के क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा सफाई एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं की शिकायत पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा समस्याओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने क्षेत्रीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना,नागरिकों ने क्षेत्र में सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था एवं वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम अध्यक्ष ने मौके से ही क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक तीरथ प्रसाद से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें तत्काल स्थल पर बुलाया तथा आवश्यक सफाई कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
श्री पाठक ने वार्ड के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अमले को निर्देशित किया कि क्षेत्र में प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जलभराव और गंदगी के कारण उत्पन्न होने वाली बीमारियों की रोकथाम हेतु आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाओं का नियमित छिड़काव कराया जाए।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि हम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से वार्ड की सभी आवश्यक समस्याओं का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजेश भास्कर सहित नीलेश जैन, अर्पित जैन, लल्लू जैन, अंशु जैन, अनूप जैन, जयंत जैन, श्रीमती विनीता जैन एवं श्रीमती किरण जैन सहित वार्ड के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment