Top News

हरे माधव आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, सेवा और संस्कार का विराट संगम बनकर संपन्न




*हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अर्पित की श्रद्धा, भव्य शोभायात्रा, महाआरती और अमृत वचनों से भक्ति भाव में डूबा पूरा माधव नगर*
कटनी। हरे माधव गुरु पूर्णिमा महापर्व के पावन अवसर पर 29  जुलाई को हरे माधव सत्संग स्थल, माधव नगर (कटनी) में आयोजित हरे माधव  आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, सेवा और संस्कार का विराट संगम बनकर संपन्न हुआ जीवनमुक्त सतगुरु बाबा ईश्वर शाह साहिब जी की असीम कृपा से आयोजित इस दिव्य महोत्सव में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।
महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकालीन नाम सिमरन से हुआ। इसके पश्चात निकली भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालु गुरु महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। एलईडी के माध्यम से सतगुरु द्वारा संगतों पर बरसाई गई रहमतों का सीधा प्रसारण देखकर अनेक श्रद्धालुओं की आंखें भाव-विभोर होकर नम हो गईं। "हरे माधव" के जयघोष से पूरा माधव नगर गूंज उठा और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
महोत्सव के दौरान अमृत वचनों के माध्यम से मानवता, प्रेम, सेवा, समरसता और सदाचार का संदेश दिया गया। सायंकाल आयोजित दिव्य महाआरती ने श्रद्धालुओं को अलौकिक आध्यात्मिक अनुभूति कराई। दीपों की मनोहारी आभा, भक्ति संगीत और गुरु महिमा के गगनभेदी जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
इस पावन गुरु पूर्णिमा महोत्सव  के माध्यम से नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
हरे माधव गुरु पूर्णिमा महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा, संस्कार और मानवता का भव्य उत्सव बनकर सामने आया। महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने गुरु का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज में प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा-भाव और भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था, जिसने इस महापर्व को अविस्मरणीय और ऐतिहासिक बना दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com