कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के करेला गांव में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। लगभग 33 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालय का शुभारंभ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया। विद्यालय शुरू होने से अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
शुभारंभ के बाद विधायक ने विद्यालय का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है।
नवनिर्मित विद्यालय में स्मार्ट कक्षाएं, आधुनिक शिक्षण संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment