Top News

कटनी पुलिस द्वारा "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान के तहत हुआ मैराथन दौड़ का आयोजन




*कटनी पुलिस द्वारा "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान के तहत हुआ मैराथन दौड़ का आयोजन*


*युवाओं ने साइबर अपराधों से बचाव का लिया संकल्प, पुलिस अधीक्षक ने किया जागरूक*


पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित साइबर जागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" के अंतर्गत कटनी पुलिस द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं युवाओं में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज पुलिस कंट्रोल रूम, कटनी से माधव नगर गेट, कटनी तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।

मैराथन दौड़ को पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक कटनी श्रीमती नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा,जिला खेल अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी एस. पाण्डेय सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, अग्निवीर अभ्यर्थी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के लालच, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल अथवा ऑनलाइन ठगी के झांसे में न आएं। यदि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी अथवा ब्लैकमेलिंग का प्रयास हो तो साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें तथा समय रहते शिकायत दर्ज कराएं।

मैराथन में पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पूरे उत्साह एवं तन्मयता के साथ दौड़ पूरी कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मैराथन दौड़ में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान सृजल तिवारी उत्कृष्ट विद्यालय कटनी ने, द्वितीय स्थान मोहित पटेल उत्कृष्ट विद्यालय कटनी, तृतीय स्थान आदर्श यादव कुंदन दास स्कूल ने हासिल किया। 

   महिला वर्ग में प्रथम स्थान कुमारी शीतल गुरुम शिकागो शाला माधव नगर, द्वितीय स्थान नेहा गौड़ उत्कृष्ट विद्यालय, तृतीय स्थान हर्षिता बर्मन शिकागो शाला ने हासिल किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने साइबर अपराधों से स्वयं सुरक्षित रहने, डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ एवं संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com