मध्य प्रदेश में ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी में बदलाव, अब 27 के बजाय 28 मई को रहेगा सामान्य अवकाश
भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के त्यौहार पर घोषित होने वाले सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बड़ा बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक संशोधित अधिसूचना के अनुसार, पूर्व में निर्धारित 27 मई 2026 की छुट्टी को अब निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर अब राज्य में 28 मई 2026 को सार्वजनिक और सामान्य अवकाश रहेगा।
मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार, 25 मई 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
27 मई को खुले रहेंगे सभी दफ़्तर
सरकार द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना (क्रमांक एफ 03-01/2025/1/4) के मुताबिक, 27 मई 2026 (दिन बुधवार) को पूर्व में घोषित अवकाश के स्थान पर अब राज्य शासन के सभी निर्धारित समयानुसार कार्यालय पूरी तरह से खुले रहेंगे। नेगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 (1881 का क्रमांक 26) की धारा 25 के तहत अब 28 मई 2026 (दिन गुरुवार) को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश रहेगा।
दिसंबर 2025 के आदेश में हुआ संशोधन
यह आदेश मध्य प्रदेश के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव सछिन्द्र राव द्वारा जारी किया गया है। इस नए आदेश के लागू होने के बाद, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पूर्व में जारी अधिसूचना (दिनांक 29 दिसंबर 2025) को इस सीमा तक संशोधित माना जाएगा।

Post a Comment