शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 85 हजार के मोबाइल बरामद
विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
विजयराघवगढ़ पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 85 हजार रुपए कीमत के चोरी गए मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28-29 मार्च 2026 की दरमियानी रात फरियादी द्वारा थाना विजयराघवगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि मेन रोड स्थित उसकी के.जी.एन. मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने अंदर रखे 18 नग मोबाइल फोन तथा करीब 15 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 331/24 धारा 457, 380 भादवि के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रितेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली जिसके आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वे बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से दुकान तक पहुंचे थे और शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर मोबाइल फोन एवं नकदी चोरी कर फरार हो गए थे।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। जिनकी कुल कीमत लगभग 85 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और अन्य जिलों में भी वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही


إرسال تعليق