समाचार
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की पहल, नगरवासियों की समस्या पर गैस सिलेंडर वितरण हेतु कलेक्टर को लिखा पत्र
कटनी, 01 अप्रेल 2026-नगर की जनता को रसोई गैस सिलेंडर वितरण में आ रही निरंतर समस्याओं को लेकर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक द्वारा पहल की गई है। इस संबंध में श्री पाठक द्वारा कलेक्टर कटनी को पत्र लिखकर गैस सिलेंडर वितरण में हो रही अनियमितताओं एवं आम नागरिकों को हो रही असुविधाओं का विस्तार से उल्लेख किया गया है।
श्री पाठक नें जानकारी देते हुए बताया कि, शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी एवं ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद समय पर गैस सिलेंडर वितरण नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर सप्लाई में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है तथा उपभोक्ताओं को “सिलेंडर समाप्त” होने की सूचना देकर परेशान किया जा रहा है। इससे नगर की आम जनता, विशेषकर गृहिणियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि यह विषय सीधे तौर पर आम नागरिकों की दैनिक जरूरतों से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही उचित नहीं । उन्होंने पत्र के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि सभी गैस एजेंसियों में खाद्य निरीक्षक की निगरानी में प्रतिदिन गैस सिलेंडर का वितरण हो, ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो।
श्री पाठक ने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी प्राथमिकता सदैव जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा का दायित्व भी है।
अंत में श्री पाठक नें कलेक्टर कटनी को पत्र प्रेषित कर मांग की है कि,पूर्व की भांति गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू कराते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की जाए, ताकि हर घर तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंच सके।

إرسال تعليق