Top News

मूलभूत सुविधाओं से वंचित बस्ती का मुद्दा उठाया:रागिनी मनोज गुप्ता


सच की ख़बर 24



दीपोत्सव के बीच मूलभूत सुविधाओं से वंचित बस्ती का मुद्दा उठाया

कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा आयोजित “सेवा से संकल्प अभियान” के तहत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शहर के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी रही।

इसी कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित बस्ती में लंबे समय से रह रहे सैकड़ों परिवारों को सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा नगर निगम की पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष रागिनी मनोज गुप्ता ने उठाया है।

नेता प्रतिपक्ष रागिनी मनोज गुप्ता ने कहा कि संजय निकुंज के पास लगभग 35 वर्षों से निवास कर रहे परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उनके अनुसार, बस्ती में सड़क एवं नाली व्यवस्था के साथ नियमित पेयजल, बिजली और स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित भवनों की गुणवत्ता एवं रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आवासों में रहने वाले परिवारों को समय पर पानी, प्रकाश और सफाई जैसी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्याओं के निराकरण की मांग की।

रागिनी मनोज गुप्ता ने कार्यक्रमों पर होने वाले शासकीय व्यय के संबंध में भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के पैसे का उपयोग ऐसे आयोजनों के साथ-साथ नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में भी प्राथमिकता से होना चाहिए।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि संजय निकुंज के पास स्थित बस्ती का स्थल निरीक्षण कर सड़क, नाली, पेयजल, बिजली एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों में पानी, प्रकाश एवं सफाई से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com