बकाया जलकर पर बड़ी राहत, मूलधन और ब्याज दोनों में 50 प्रतिशत छूट
कटनी, 24 अगस्त। नगर पालिक निगम कटनी की परिषद के प्रयासों से बकाया जलकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। मार्च 2026 तक बकाया जलकर की राशि जमा करने पर मूलधन और ब्याज दोनों पर 50-50 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जा रहा है।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने बताया कि परिषद द्वारा नागरिकों की सुविधा और हित को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः लोक अदालत के माध्यम से ब्याज की राशि पर ही छूट मिलती है, लेकिन वर्तमान राहत योजना में मूलधन और ब्याज दोनों पर 50 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि निर्धारित समय-सीमा में बकाया जलकर जमा कर इस विशेष राहत का लाभ उठाएं। समय पर जलकर जमा होने से निगम के राजस्व में वृद्धि होगी, जिसका उपयोग जल प्रदाय व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
निगम अध्यक्ष ने कहा कि नागरिक बकाया जलकर चुकाकर आर्थिक राहत पाने के साथ शहर के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाएं।

Post a Comment