Top News

रेलवे स्टेशन बरही नाका स्थित शराब दुकान में कट्टा लहराकर धमकी देने वाले तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त






कट्टा लहराकर शराब दुकान में दहशत फैलाने वाले 03 आरोपी चढ़े कोतवाली पुलिस के हत्थे
24 घंटे के भीतर कार्रवाई, 01 लोडेड देशी कट्टा एवं 02 बटनदार चाकू बरामद

कटनी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन बरही नाका स्थित शराब दुकान में कट्टा लहराकर धमकी देने वाले तीन आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक लोडेड देशी कट्टा एवं दो बटनदार चाकू बरामद किए गए हैं।
दिनांक 20 जून 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे बरही नाका स्थित शराब दुकान में कार्यरत गद्दीदार महेन्द्र सिंह निवासी किशनपुर फतेहपुर (उ.प्र.) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि विनय उर्फ गोलू सक्सेना अपने दो साथियों के साथ दुकान पर आया और कट्टा लहराते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। दुकान कर्मचारियों के हस्तक्षेप पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 676/26 धारा 296(बी), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में विनय उर्फ गोलू सक्सेना अपने दो साथियों के साथ कट्टा लहराकर धमकाते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। जांच के दौरान अन्य दो आरोपियों की पहचान अंशुल भारती एवं महेन्द्र सिंह चौहान निवासी फारेस्टर वार्ड, कटनी के रूप में हुई।

पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार दबिश देकर एक आरोपी को मंगलनगर क्षेत्र तथा दो आरोपियों को बैलट घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक लोडेड देशी कट्टा एवं दो बटनदार चाकू बरामद हुए।

पूछताछ में मुख्य आरोपी विनय उर्फ गोलू सक्सेना ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसका शराब दुकान के कर्मचारी महेन्द्र सिंह से विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते वह अपने साथियों के साथ हथियार लेकर दुकान पर धमकाने पहुंचा था।

जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी विनय उर्फ गोलू सक्सेना के विरुद्ध पूर्व से 15 प्रकरण, महेन्द्र सिंह उर्फ जानू के विरुद्ध 06 प्रकरण तथा अंशुल भारती के विरुद्ध 03 प्रकरण दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर अन्य वैधानिक कार्यवाही भी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
विनय उर्फ गोलू सक्सेना (26 वर्ष), निवासी गांधीगंज, थाना कोतवाली, जिला कटनी।
महेन्द्र सिंह चौहान उर्फ जानू (24 वर्ष), निवासी भारत चौक, फारेस्टर वार्ड, थाना रंगनाथनगर, कटनी।
अंशुल भारती (22 वर्ष), निवासी भारत चौक, फारेस्टर वार्ड, थाना रंगनाथनगर, कटनी।
बरामदगी
01 लोडेड देशी कट्टा (315 बोर)
02 बटनदार चाकू
सराहनीय भूमिका

पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह तथा आरक्षक अजय प्रताप सिंह, दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन एवं अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com