कटनी (4 मई ) - नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री तपस्या परिहार आई.ए.एस के निर्देशानुसार नगर निगम क्षेत्र में जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण का मकान सूचीकरण कार्य निरंतर प्रारंभ है जो आगामी 30 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित कर रहे हैं, जो भविष्य की विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होगी।
नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशानुसार आगामी जनगणना के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य निरंतर गति से जारी है। इस दौरान यह सुनिश्चित करने के निर्देश है कि प्रत्येक परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज की जाए। निगमायुक्त ने निर्देशित किया है कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए तथा डाटा की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। साथ ही उन्होंने प्रगणकों को प्रशिक्षण में दी गई जानकारी के अनुसार कार्य करने और आम नागरिकों से सहयोगात्मक व्यवहार रखने की सलाह दी। इस क्रम में नियुक्त पर्यवेक्षक एवं प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमण कर मकानों का भौतिक सत्यापन और परीक्षण कर रहे हैं तथा कार्य की निगरानी हेतु पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। साथ ही, कर्मचारियों को गर्मी से बचाव हेतु सुबह-शाम कार्य के दौरान ओआरएस पाउच वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर जनगणना अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रत्येक मकान की स्थिति, उपयोग, परिवारों की संख्या सहित अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जा रहा है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी मकान सूचीकरण से छूटने न पाए। पर्यवेक्षकों ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित प्रारूप के अनुसार सही और अद्यतन जानकारी संकलित करें, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक और विश्वसनीय बन सकें।
श्री पाठक ने बताया कि मकान सूचीकरण का कार्य 30 मई तक पूर्ण किया जाएगा। इस दौरान नगर के संलग्न अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर मकान गणना सहित 33 प्रकार की जानकारी घर एवं परिवार के बारे में प्रश्न, बुनियादी जरूरतें एवं घरेलू उपकरण की उपलब्धता से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे। उन्होंने नगरवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है।




Post a Comment