सच की ख़बर 24
कटनी 29 सितंबर 2026-* नगर पालिक निगम कटनी में निगम सम्मिलन निर्धारित समय-सीमा में आयोजित नहीं किए जाने को लेकर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए निगमायुक्त को पत्र लिखा है। श्री पाठक ने निगम सम्मेलन आहूत किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करते हुए एजेंडा तैयार कर प्रस्तुत करने का उल्लेख प्रेषित पत्र में किया है।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने अपने पत्र में मध्यप्रदेश नगरपालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 27 के अंतर्गत कामकाज संचालन नियम 2005 का उल्लेख करते हुए कहा कि उक्त नियम के अनुसार प्रत्येक दो माह में कम से कम एक बार निगम सम्मेलन आयोजित किया जाना चाहिए। इसके बावजूद निगम का सम्मेलन लगभग छह माह से आयोजित नहीं किया गया है।
अध्यक्ष ने पत्र में उल्लेख किया है, कि नगर की जनता के हित एवं नगर के विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर परिषद में चर्चा एवं आवश्यक निर्णय कराया जाना है। निगम सम्मिलन समय-सीमा में आहूत नहीं किए जाने के कारण सम्माननीय पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों में निगम की कार्यप्रणाली को लेकर प्रश्नचिह्न उत्पन्न हो रहा है।
उन्होंने आगे लिखा है कि निगम परिषद शहर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा एवं निर्णय लेने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर निगम सम्मिलन आयोजित होना आवश्यक है, ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर परिषद में सार्थक चर्चा हो सके तथा आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
इसी क्रम में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने आयुक्त, नगर पालिक निगम कटनी को पत्र लिखकर निगम सम्मेलन शीघ्र आहूत किए जाने तथा सम्मेलन में लिए जाने वाले निर्णय के अनुसार एजेंडा तैयार कर प्रस्तुत करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।
श्री पाठक ने स्पष्ट किया है कि जनहित और नगर विकास से जुड़े विषयों पर परिषद में समयबद्ध चर्चा एवं निर्णय होना आवश्यक है, जिससे कटनी शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके और नागरिकों से जुड़े विषयों का प्रभावी ढंग से निराकरण किया जा सके।

Post a Comment