Top News

जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में सदस्यों ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से किया संवाद माननीय सदस्यों के सुझावों को मिनिट्स में लें एवं संबंधित अधिकारी करें तथ्यात्मक कार्यवाही- जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर


जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में सदस्यों ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से किया संवाद
माननीय सदस्यों के सुझावों को मिनिट्स में लें एवं संबंधित अधिकारी करें तथ्यात्मक कार्यवाही- जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर


कटनी / जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री अशोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता और जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर तथा जिला पंचायत सदस्य गणों की मौजूदगी में संपन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष श्री विश्वकर्मा सहित जिला पंचायत सदस्यों सर्व श्री अजय गोटिया, कविता राय और प्रदीप त्रिपाठी ने जनहित से जुड़े मुद्दों शिक्षा, स्वास्थ्य,पेयजल, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना,बिजली बिलों और किसानों को उपार्जन में होने वाली समस्याओं पर बेबाकी से अहम सवाल किए। संबंधित अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को विभागीय गतिविधियों, उपलब्धियों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों द्वारा सुझाव दिए जाने पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने माननीय सदस्यों के सुझावों को मिनिट्स बुक में दर्ज करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्परता पूर्वक तथ्यात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके पूर्व अधिकारियों द्वारा गत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर उपस्थित सदस्यों को समुचित जानकारी दी गई। सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत सदस्य प्रेमलाल केवट,माला मौसी,रीना लोधी,प्रिया सिंह, संगीता देवी एवं जनपद अध्यक्ष बहोरीबंद लालकमल बंसल, ढीमरखेड़ा से सुनीता दुबे एवं रीठी से श्रीमती श्याम कली और विधायक प्रतिनिधि विजयराघवगढ़ उदयराज सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी रही। उल्लेखनीय है कि अपरिहार्य एवं आवश्यक कारणों से जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष द्वारा की गई। 
*विद्युत विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों को अनाप-शनाप भेजे जा रहे बिजली बिलों पर सदस्यों ने जताया असंतोष*
जिला पंचायत सदस्यों ने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल द्वारा ग्राम पंचायतों को भेजे जा रहे अनाप-शनाप बिजली बिलों को लेकर असंतोष जाहिर करते हुए विद्युत बिल सुधार कराने हेतु अधिकारियों से चर्चा की। इसी प्रकार जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन को चुस्त दुरुस्त रखने के संबंध में संवाद हुआ। उपार्जन कार्य में किसानों द्वारा स्लाट बुक करने पर बुक नहीं होने पर चर्चा हुई तथा सदस्यों ने किसानों को स्लाट बुक करने हेतु टोकन जारी करने के संबंध में विचार विमर्श कर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु अधिकारियों से वार्तालाप किया। 
आयुष्मान कार्ड
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने आयुष्मान कार्ड का लाभ एवं उपयोगिता जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक जानकारी और प्रोसेस के संबंध में व्यापक रूप से प्रचार प्रसार कराने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
जल गंगा संवर्धन अभियान
जिला पंचायत द्वारा जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कराए गए कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के द्वारा सदन को दी गई। इस दौरान बारिश के पानी की एक-एक बूंद को सुरक्षित एवं संरक्षित करने पर जोर दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com