Top News

*गणेश विसर्जन को लेकर घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश*

सच की ख़बर 24
*गणेश विसर्जन को लेकर घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश*

*एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने गाटर घाट, मोहन घाट सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों का लिया जायजा*
कटनी। आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन सहित आगामी पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को जिले के प्रमुख नदी एवं तालाब घाटों का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों के साथ गाटर घाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुंड, पीर बाबा, रपटा घाट और छपरवाह घाट सहित अन्य विसर्जन स्थलों का भ्रमण कर मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारी स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर घाटों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
*पुलिस की आमजन से अपील*
कटनी पुलिस ने नागरिकों से आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने नदी एवं तालाब घाटों पर प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com