त्योहारों का सीजन नजदीक है... मिठाई, दूध, पनीर और घी की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य विभाग ने अब एक्शन तेज कर दिया है।
गोटेगांव में खाद्य विभाग की टीम ने डेयरियों और मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सारिका दुबे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की गई। टीम ने पनीर समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए, वहीं श्री कृष्णा डेयरी से 10 किलो घी जब्त किया गया।
खास बात यह रही कि जांच के दौरान चलित खाद्य प्रयोगशाला भी टीम के साथ मौजूद रही, जिसके जरिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की मौके पर जांच की गई।
इसके बाद टीम ने बालाजी कॉलोनी स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार की गोदाम में भी जांच की। यहां त्योहार के लिए तैयार की जा रही मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्माण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। टीम ने तैयार किए जा रहे मीठे खाद्य पदार्थ का सैंपल भी जांच के लिए लिया।
वहीं खाद्य विभाग की कार्रवाई गोटेगांव तक सीमित नहीं रही। नरसिंहपुर के सुदामा कुटी रेस्टोरेंट में भी टीम ने पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सारिका दुबे ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने या मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पनीर, घी और मिठाई के लिए गए सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। अब नजर जांच रिपोर्ट पर है। यदि किसी खाद्य
पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार से पहले खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है... और विभाग ने भी साफ कर दिया है कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गोटेगांव से शरद नेमा की रिपोर्ट

Post a Comment