**कटनी।** बड़वारा तहसील के ग्राम संकरीगढ़ निवासी एक 24 वर्षीय युवती ने ग्राम गणेशपुर निवासी युवक एवं उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस एवं प्रशासन से न्याय की मांग की है। पीड़िता युवती
ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी प्रभात पटेल उर्फ छोटू पटेल ने उसे शादी का झांसा देकर लगभग 10 वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और विवाह का भरोसा दिलाकर उसका लगातार शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने कई बार उसे गर्भवती किया तथा उसकी जानकारी के बिना दवाइयां देकर गर्भपात भी कराया। युवती का कहना है कि लंबे समय तक चले इस संबंध के कारण उसके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
शिकायत में बताया गया है कि दोनों 17 दिसंबर 2025 को रोजगार के लिए अहमदाबाद गए थे, जहां वे एक ही स्थान पर रहकर काम कर रहे थे। बाद में फरवरी 2026 में पारिवारिक विवाह समारोह के कारण दोनों अपने गांव लौटे। इसी दौरान युवती को जानकारी मिली कि आरोपी के परिवारजन उसकी दूसरी शादी कराने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह शादी नहीं करेगा और परिवार के दबाव में यह सब हो रहा है। युवती का कहना है कि इसके बावजूद उसके साथ विश्वासघात किया गया तथा बाद में उसे धमकियां भी दी गईं।
पीड़िता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी एवं संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
**नोट:** यह जानकारी पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच एवं सत्यता का निर्धारण संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा किया जाएगा।

Post a Comment