कटनी। शहर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता सत्येंद्र चनपुरिया ने मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के एक विशेष आयोजन में संघ के विधि सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं देने की सहमति प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें कानूनी सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
*पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ*
वरिष्ठ अधिवक्ता श्री चनपुरिया ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं तथा जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं।
*कानूनी समस्याओं में मिलेगा सहयोग*
उन्होंने कहा कि यदि किसी पत्रकार को अपने कर्तव्य के निर्वहन के दौरान किसी प्रकार के दबाव, उत्पीड़न या कानूनी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे संघ के विधि सलाहकार के रूप में उनकी पैरवी करने और उचित कानूनी मार्गदर्शन देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
*पत्रकारों को निर्भीक होकर करना चाहिए कार्य*
उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष और निर्भीक होकर समाज के हित में कार्य करना चाहिए। पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
*जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजपूत एवं जिला महासचिव अज्जू सोनी ने जताया आभार*
इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र राजपूत, जिला अध्यक्ष मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ तथा जिला महासचिव अज्जू सोनी ने वरिष्ठ अधिवक्ता श्री चनपुरिया का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं कानूनी सहयोग से जिले के पत्रकारों को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी और पत्रकार अपने दायित्व का निर्वहन और अधिक निर्भीकता से कर सकेंगे।

Post a Comment