अब टैक्स भरना हुआ आसान: व्हाट्सएप चैटबॉट से घर बैठे करें भुगतान, 31 मार्च तक अधिभार में विशेष छूट
कटनी, 26 मार्च।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से अब शहरवासी घर बैठे ही नगर निगम के बकाया संपत्तिकर एवं जल उपभोक्ता प्रभार का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक अधिकृत व्हाट्सएप नंबर 7552465110 पर मैसेज कर इस चैटबॉट सेवा का उपयोग कर सकते हैं। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक न केवल अपने कर से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, बल्कि ऑनलाइन भुगतान भी कर पाएंगे। भुगतान पूर्ण होने पर रसीद सीधे व्हाट्सएप पर उपलब्ध हो जाएगी, जिससे नागरिकों को निगम कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इसके अतिरिक्त नागरिक ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से भी संपत्ति कर एवं जल प्रभार का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 31 मार्च 2026 से पूर्व अपने बकाया करों का भुगतान कर अधिभार में दी जा रही विशेष छूट का लाभ उठाएं तथा शहर के विकास में सहभागी बनें।

Post a Comment