भीषण गर्मी के चलते स्कूल समय में बदलाव,सुबह 7:30 से दोपहर 12.30बजे तक संचालित होंगी कक्षाएं
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जारी किया आदेश
कटनी।जिले में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं सीबीएसई शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए शाला संचालन समय में परिवर्तन किया गया है।
अब आगामी आदेश तक सभी विद्यालयों में कक्षाएं प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक संचालित की जाएंगी। वहीं शैक्षणिक स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य रहेगा, ताकि अन्य प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य सुचारू रूप से संपादित किए जा सकें।
परीक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही किया जाएगा। इसके साथ ही मूल्यांकन कार्य भी अपने निर्धारित समय पर यथावत जारी रहेंगे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जो 30अप्रैल तक लागू रहेगा। जारी आदेश के अनुसार सभी स्कूल प्रबंधकों और संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिल सके और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो सकें।

Post a Comment