Top News

पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में डीजे संचालकों की बैठक : सभी डीजे संचालकों से भरवाए गए घोषणा पत्र, नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी


सच की ख़बर 24


*आगामी त्योहारों के मद्देनज़र पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित*

◆ *एएसपी श्री कमल मौर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक, शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि स्तर के नियमों का पालन करने के निर्देश।*

◆ *सभी डीजे संचालकों से भरवाए गए घोषणा पत्र, नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी।*

◆ *आमजन की सुविधा, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर दिया गया विशेष जोर।*

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आज पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी श्री कमल मौर्य द्वारा की गई।

बैठक में डीजे संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों, ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों तथा डीजे संचालन की निर्धारित समय-सीमा का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। एएसपी श्री मौर्य ने स्पष्ट किया कि डीजे का ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाए तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के दौरान आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों को होने वाली असुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

सभी डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित अनुमति एवं शर्तों के अनुरूप ही डीजे का संचालन करें। त्योहारों के दौरान ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे आमजन को परेशानी हो अथवा शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो।

बैठक के दौरान सभी डीजे संचालकों से नियमों के पालन के संबंध में घोषणा पत्र भरवाए गए। साथ ही स्पष्ट हिदायत दी गई कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कटनी पुलिस द्वारा सभी डीजे संचालकों से अपील की गई है कि वे जिम्मेदारीपूर्वक नियमों का पालन करें तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा, तहसीलदार कटनी, थाना प्रभारी माधव नगर शैलेन्द्र यादव, जिले के डीजे संचालक एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com