📰 कटनी।(नगर संवाददाता) कटनी में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल, रातभर परेशान होते रहे नागरिक ⚡
कटनी। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच शहर के कई क्षेत्रों में घंटों बिजली बंद रहने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शिवाजी नगर सहित कई वार्डों के नागरिक रातभर बिजली समस्या से जूझते रहे। हालत यह रही कि छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्ग देर रात तक बिजली कार्यालय के बाहर खड़े होकर सप्लाई बहाल होने का इंतजार करते रहे, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार अलग-अलग वार्डों से लोग शिकायत लेकर बिजली कार्यालय पहुंचे थे। कई क्षेत्रों में एक फेस बंद हो गया था, जबकि कुछ इलाकों में पूरी सप्लाई ठप पड़ी रही। लोगों ने बताया कि लगातार फोन लगाने के बावजूद हर बार केवल “10 मिनट में बन रही है”, “टीम पहुंच रही है”, “काम चालू है” जैसे जवाब दिए जाते रहे, लेकिन वास्तविक स्थिति जस की तस बनी रही।
नागरिकों का कहना है कि रातभर इंतजार करने के बाद भी समस्या का समाधान समय पर नहीं हुआ। कई लोग घंटों तक बिजली कार्यालय के बाहर बैठे रहे, परंतु शिकायत सुनने या स्थिति स्पष्ट करने के लिए कोई कर्मचारी सामने नहीं आया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी और असंतोष बढ़ता गया।
तेज गर्मी और उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवार पूरी रात जागते रहे और बिजली आने का इंतजार करते रहे।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा करते हैं, तो विभाग की भी जिम्मेदारी बनती है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लेकिन वर्तमान स्थिति में शिकायतों के निराकरण की गति अत्यंत धीमी दिखाई दे रही है, जिससे आम जनता को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

إرسال تعليق