Top News

स्टेशन के सामने बिना अनुमति चल रहे अघोषित 'बार' में CSP नेहा पच्चीसिया ने मारा छापा





*स्टेशन के सामने बिना अनुमति चल रहा था अघोषित 'बार', CSP नेहा पच्चीसिया ने मारा छापा*
कटनी। स्टेशन रोड स्थित ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से चलाए जा रहे एक अघोषित अहाते (बार) पर पुलिस ने अभी अभी रात करीब 8.15 बजे बड़ी कार्रवाई की है। सीएसपी (CSP) नेहा पच्चीसिया के नेतृत्व में मारी गई इस अचानक रेड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़े पैमाने पर लोग शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए हैं।


हैरानी की बात यह है कि इस अघोषित अहाते को पूरी तरह से व्यावसायिक रूप दे दिया गया था। ईश्वर कृपा कॉम्प्लेक्स में शराब दुकान के बगल में बाकायदा बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए थे, जिन पर साफ लिखा था— "यहाँ बैठकर शराब पीने की उत्तम व्यवस्था है।" स्वीकृत बार और नियमों से इतर, दूसरी जगह पर टेबल-कुर्सियां डालकर ग्राहकों को सरेआम शराब परोसी जा रही थी।

शराब दुकान के बाहर भी चल रही थी महफिल
सीएसपी नेहा पच्चीसिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन के सामने इस कॉम्प्लेक्स में अवैध रूप से अहाता संचालित कर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जब पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, तो नजारा चौंकाने वाला था। न सिर्फ कॉम्प्लेक्स के भीतर, बल्कि शराब दुकान के ठीक बाहर भी लोग खुलेआम जाम छलकाते हुए नजर आए।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब और बैठक व्यवस्था का सामान जब्त किया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। स्टेशन जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके के सामने इस तरह का अघोषित बार चलना सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करता है। सीएसपी नेहा पच्चीसिया की इस त्वरित कार्रवाई के बाद से शहर के आमजन ने इस तरह की कार्यवाही को उचित ठहराया है अन्य शराब ठेकेदारों और अवैध रूप से अहाता चलाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
सच की ख़बर 24.com
सच की ख़बर 24.com